
अपनी आधुनिक और हैरतअंगेज इंजीनियरिंग के लिए मशहूर चीन ने एक बार फिर दुनिया को चौंका दिया है। चीन के चोंगकिंग शहर में बनाई गई ‘द क्रिस्टल’ नाम की इमारत दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे ऊंचा हॉरिजॉन्टल स्काईस्क्रेपर मानी जा रही है। यह अनोखी संरचना जमीन से करीब 250 मीटर की ऊंचाई पर हवा में टिकी हुई है और नीचे मौजूद चार विशाल टावरों को जोड़ती है।
9 हजार करोड़ की लागत से तैयार हुआ प्रोजेक्ट
यांग्त्जी और जियालिंग नदियों के संगम पर स्थित इस शानदार प्रोजेक्ट को बनाने में लगभग 9 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है। इसे तैयार करने के लिए 3,000 ग्लास पैनल और 5,000 एल्यूमीनियम के हिस्सों का इस्तेमाल किया गया। करीब 300 मीटर लंबे इस स्काईस्क्रेपर को सात भागों में जमीन पर तैयार किया गया और फिर हाइड्रोलिक्स तकनीक की मदद से ऊपर उठाकर टावरों से जोड़ा गया।
एफिल टॉवर जितना भारी है ढांचा
इस इमारत के स्टील फ्रेम का वजन करीब 12,000 टन बताया जाता है, जो फ्रांस के मशहूर एफिल टॉवर के बराबर है। इंजीनियरों ने इसे इस तरह डिजाइन किया है कि यह तेज हवाओं और भूकंप जैसी प्राकृतिक चुनौतियों को भी आसानी से सह सके।
अंदर मौजूद है आलीशान मनोरंजन दुनिया
‘द क्रिस्टल’ सिर्फ एक स्काईब्रिज नहीं, बल्कि मनोरंजन और लक्जरी का शानदार केंद्र भी है। यहां बना कांच का ‘एक्सप्लोरेशन डेक’ पर्यटकों को पूरे शहर का अद्भुत नजारा दिखाता है। इसके अलावा रूफटॉप गार्डन, रेस्टोरेंट, बार, प्राइवेट क्लब और विशाल स्विमिंग पूल भी इसकी खासियत हैं।

