मुख्यमंत्री ने की बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा, सुबह चित्रकूट में पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री

रीवा-सतना में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे सीएम मोहन यादव, राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश

Neeral Prakash
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

सतना/रीवा (मध्यप्रदेश): मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार रात वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से राज्य के बाढ़ प्रभावित रीवा और सतना जिले की स्थिति की समीक्षा की और रविवार सुबह चित्रकूट पहुंचकर प्रभावितों से संवाद किया और राहत सामग्री वितरित की।

यादव बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए शनिवार रात को नई दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे थे। एक अधिकारी ने बताया कि यहां आते ही मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति को लेकर आपात बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

उन्होंने बताया कि रविवार को सुबह होते ही मुख्यमंत्री चित्रकूट पहुंच गए और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। अधिकारी के मुताबिक यादव चित्रकूट विकास प्राधिकरण के आश्रय स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से संवाद किया और हर संभव सहायता देने की बात कही। उन्होंने बाढ़ प्रभावितों को राहत सामग्री भी वितरित की।

अधिकारी ने बताया कि चित्रकूट में अतिवृष्टि हुई है और इसकी वजह से सेमरावल और मंदाकिनी नदी में बाढ़ की स्थिति है।
उन्होंने कहा कि नदी का पानी लोगों के घरों में घुस गया है और उनके सामान को भी काफी क्षति हुई है। बाढ़ की वजह से रीवा और सतना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के बाद मुख्यमंत्री ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि प्रशासन की मुस्तैदी के कारण अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है तथा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। यादव ने कहा कि प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा, “बाढ़ से काफी नुकसान हुआ है, जिसका आंकलन किया जा रहा है। प्रशासन के सभी संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।”

उन्होंने कहा, “मैंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल, चिकित्सा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित की जाएं तथा राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी न रहे।”
यादव ने कहा कि श राहत की बात है कि घटना के समय दिन था और मौसम के पूर्वानुमान के चलते प्रशासन पूरी तरह अलर्ट था।
उन्होंने कहा, “हमारी सतर्कता और प्रशासन की तत्परता से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। इस बाढ़ ने पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। फिलहाल हमारा पूरा ध्यान राहत एवं बचाव कार्यों पर है, ताकि जलस्तर कम होने के बाद प्रभावित लोगों को सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाया जा सके।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों के पशुओं की हानि हुई है अथवा अन्य नुकसान हुआ है, उनका विधिवत सर्वे कराया जाएगा और नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।