रांची: धनबाद स्थित कोयला खान भविष्य निधि संगठन (सीएमपीएफ) में 3.64 करोड़ रुपये का फर्जी पेंशन घोटाला सामने आने के बाद सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में सीबीआई ने सीएमपीएफ के तत्कालीन क्षेत्रीय आयुक्त अभय कुमार, तत्कालीन सोशल सिक्योरिटी असिस्टेंट दीप कुमार, पेंशनर सिंडिकेट से जुड़े बिचौलिये और जाली पेंशन दावों के लाभार्थियों को आरोपी बनाया है।
जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों ने आपस में सांठगांठ कर कुल 142 जाली पेंशन दावों के आधार पर करोड़ों रुपये का अवैध भुगतान कराया। इसके लिए फर्जी कागजात और आईकार्ड तैयार किए गए थे। सीबीआई की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि पेंशन का भुगतान फर्जी खातों के माध्यम से किया गया, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा है। पूरे मामले की जांच जारी है और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों की भूमिका की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
