नई दिल्ली: कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के संत कबीरनगर में क्लोन ऐप के जरिए ‘विकसित भारत-जी राम जी योजना’ में फर्जी हाजिरी दर्ज कराने का मामला सामने आने का दावा करते हुए बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि भगवान राम के नाम पर फर्जी रोजगार का खेल चल रहा है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि इससे पहले गोरखपुर में भी वीबी-जी राम जी योजना के तहत फर्जी हाजिरी का बड़ा मामला सामने आया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से गोरखपुर का मामला उठाए जाने के बाद सरकार की तरफ से स्पष्टीकरण भी दिया गया था।

उन्होंने कहा कि अब संत कबीरनगर जिले में भी इसी तरह का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि क्लोन ऐप के जरिए फर्जी हाजिरी दर्ज कराने के मामले बार-बार उजागर हो रहे हैं, जो बेहद गंभीर मामला है। रमेश ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा, ”चंदा चोरी और चढ़ावा चोरी राम के नाम पर, फर्जी रोजगार राम के नाम पर। भाजपा को राम के नाम पर और कितना पाप करना बाकी है?”



