नरेंद्र मोदी कैबिनेट में बड़े फेरबदल और विस्तार का काउंटडाउन शुरू, निशंक, गंगवार और देबाश्री चौधरी समेत कई मंत्रियों ने दिया इस्तीफा

News Aroma Media
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंत्रिपरिषद विस्तार से ठीक पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर इस्तीफा देने की बात कही है।

निशंक हाल ही में कोरोना वायरस संक्रमण से उबरने के कुछ दिन बाद से बीमार चल रहे थे।

उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर तकरीबन 15 दिन तक आईसीयू में भी रहना पड़ा था।

स्वास्थ्य कारणों के चलते उनके इस्तीफे की बात कही जा रही है।

हालांकि, चर्चा यह भी है कि भाजपा नेतृत्व उन्हें वापस उत्तराखंड की राजनीति में भेजने पर विचार कर रहा है। उत्तराखंड में अगले वर्ष की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

वहीं, मोदी मंत्रिमंडल में महत्वपूर्ण मंत्रालय का दायित्व संभाल रहे केंद्रीय श्रम मंत्री संतोष गंगवार ने भी प्रधानमंत्री को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।

सूत्र बताते हैं कि निशंक, गंगवार और देबाश्री चौधरी समेत आधा दर्जन मंत्रियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

नरेंद्र मोदी कैबिनेट में बड़े फेरबदल और विस्तार का काउंटडाउन शुरू

नरेंद्र मोदी कैबिनेट में बड़े फेरबदल और विस्तार का काउंटडाउन शुरू हो गया है। इस बीच मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक को कैबिनेट से हटा दिया गया है।

उन्हें लंबे समय से बीमार होने के चलते हटाया गया है। इसके अलावा महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री देबाश्री चौधरी से इस्तीफा मांगा गया है। इसके अलावा श्रम मंत्री संतोष गंगवार से भी इस्तीफा लिया गया है।

यही नहीं सदानंद गौड़ा का भी पत्ता कट गया है और शिक्षा राज्य मंत्री संजय धोतरे से भी इस्तीफा ले लिया गया है।

हरियाणा के अंबाला से चौथी बार सांसद रतनलाल कटारिया से भी इस्तीफा ले लिया गया है। राज्य मंत्री प्रताप चंद्र सारंगी का भी इस्तीफा ले लिया गया है।

वहीं मंगलवार को ही सामाजिक न्याय मंत्री थावरचंद गहलोत को हटाकर उन्हें कर्नाटक के राज्यपाल का जिम्मा दिया गया था। इस तरह से अब तक 7 लोगों की कैबिनेट से छुट्टी कर दी गई है।

इस बीच बीजेपी ने बिहार की अपने  गठबंधन सहयोगी जेडीयू को भी साध लिया है। जेडीयू के खाते में कैबिनेट मंत्री के एक पद के साथ ही 3 राज्य मंत्री के पद जाएंगे। जेडीयू के नेता आरसीपी सिंह कैबिनेट मिनिस्टर होंगे।

शाम छह बजे मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नए मंत्रियों के लिए शपथ ग्रहण समारोह होगा। मोदी सरकार के कैबिनेट विस्तार में 19 नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है।

इसके साथ ही मंत्रिपरिषद की संख्या 53 से बढ़़कर 72 हो जाएगी। कैबिनेट फेरबदल में कुछ मंत्रियों का कद भी बढ़ाया जा सकता है। इनमें प्रमुख नाम नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी का भी चल रहा है।

इस बीच लोजपा नेता पशुपति कुमार पारस भी पीएम नरेंद्र मोदी के आवास पर पहुंचे हैं। इससे माना जा रहा है कि उन्हें कैबिनेट में जगह मिल सकती है।

यदि ऐसा होता है तो यह चिराग पासवान के लिए करारा झटका होगा, जो लोजपा में टूट को रोकने के लिए बीजेपी से मदद तक की अपील कर चुके हैं। दरअसल, मोदी कैबिनेट फिलहाल 53 मंत्री शामिल हैं, जबकि उसमें अधिकतम 81 मंत्री रह सकते हैं।

इस तरह से देखा जाए तो पीएम मोदी के मंत्रिमंडल में अभी 28 और मंत्री बनाए जाने की संभावना है।

अबतक इन मंत्रियों की हुई छुट्टी

  • रमेश पोखरियाल निशंक
  •  संतोष गंगवार
  •  देबोश्री चौधरी
  • सदानंद गौड़ा
  • संजय धोतरे
  • थावरचंद गहलोत (राज्यपाल बने)
Share This Article