46 लाख की साइबर ठगी का पर्दाफाश, रामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Archana Ekka
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Cyber ​​Fraud of Rs 46 Lakh Exposed: रामगढ़ जिले में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें 46 लाख 23 हजार 901 रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है।

इस मामले में Police ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को रामगढ़ के SP अजय कुमार ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी (Cyber ​​Fraud) के इस नेटवर्क को तोड़ने के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था, जिसके बाद यह सफलता मिली।

साइबर थाने में दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना में कांड संख्या 03/26 के तहत केस दर्ज किया गया। इसके बाद SP के निर्देश पर साइबर थाना प्रभारी चंदन कुमार वत्स के नेतृत्व में SIT बनाई गई।

जांच के दौरान नामजद आरोपियों को पूछताछ के लिए साइबर थाना (Cyber Police Station) लाया गया, जहां पर्याप्त सबूत मिलने पर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

कौन हैं गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अबु तालिब और सरफराज उर्फ सोनू के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी साइबर ठगी के इस मामले में सीधे तौर पर शामिल थे। पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बैंक खातों से हुआ ठगी का खेल

जांच के दौरान पुलिस टीम ने संबंधित बैंकों से बैंक पासबुक की जांच कराई।

इसमें खुलासा हुआ कि पीड़ितों के बैंक खातों का इस्तेमाल असम, कर्नाटक सहित अन्य राज्यों में बेटिंग ऐप के जरिए साइबर ठगी के लिए किया गया। जांच में कुल 46,23,901 रुपये के अवैध लेन-देन का पता चला है, जिससे पुलिस भी चौंक गई।

कैसे सामने आया मामला

SP ने बताया कि मांडू थाना क्षेत्र के जमुआ निवासी मो. इसराफिल अंसारी की पत्नी रूबी खातून ने 20 जनवरी को रामगढ़ साइबर थाना में आवेदन दिया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनके परिवार की तीन महिलाओं के नाम से Indian Overseas Bank की मरार शाखा में खाते खुलवाए गए और सभी के नाम पर जियो कंपनी की सिम ली गई। बाद में इन खातों और सिम का गलत इस्तेमाल किया गया।

बरामद हुए अहम सबूत

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 2 बैंक पासबुक और 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोन के जरिए साइबर ठगी से जुड़े कई सुराग मिलने की उम्मीद है।

पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है और जल्द ही और खुलासे हो सकते हैं।

जांच जारी, और गिरफ्तारी संभव

Ramgarh Police ने साफ किया है कि साइबर अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच अभी जारी है और इस ठगी से जुड़े अन्य लोगों को भी जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने बैंक खातों और सिम कार्ड की जानकारी किसी को भी न दें और सतर्क रहें।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।