14 किमी की पैदल यात्रा कर अमरनाथ पहुंचे रक्षा राज्य मंत्री, कहा जीवन की एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभूति 

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बालटाल से पैदल अमरनाथ गुफा पहुंचकर बाबा बर्फानी के दर्शन किए और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं के लिए सेना तथा प्रशासन की सराहना की।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Sanjay Seth Amarnath Yatra: रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा में सहभागिता करते हुए बालटाल बेस कैंप से लगभग 14.5 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा में पहुंचकर विधिवत दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने बाबा अमरनाथ से देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

यात्रा के दौरान श्री सेठ ने श्रद्धालुओं के लिए की गई सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास, भोजन, यातायात तथा अन्य व्यवस्थाओं का भी विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों एवं चुनौतीपूर्ण मौसम के बीच भारतीय सेना, सशस्त्र बलों, जम्मू-कश्मीर पुलिस, प्रशासन तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा और सुविधा के लिए किए जा रहे कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की।

श्री सेठ ने कहा कि भारतीय सेना और सुरक्षा बल जिस समर्पण, अनुशासन एवं सेवा-भाव से यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं, वह राष्ट्रसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। वहीं विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठन निस्वार्थ भाव से श्रद्धालुओं की सेवा कर भारतीय संस्कृति की सेवा-परंपरा को सशक्त बना रहे हैं।

उन्होंने पवित्र अमरनाथ यात्रा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी तथा माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा और सुविधाओं की उत्कृष्ट व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे लाखों श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगमता के साथ बाबा बर्फानी के दर्शन कर पा रहे हैं।

श्री सेठ ने कहा कि बाबा अमरनाथ की पावन यात्रा उनके जीवन की एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभूति रही। उन्होंने कहा कि बाबा बर्फानी का आशीर्वाद समस्त देशवासियों पर बना रहे तथा भारत निरंतर शांति, समृद्धि, विकास और वैभव के पथ पर आगे बढ़ता रहे।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।