

दिल्ली विश्वविद्यालय ने शनिवार को एक विशेष प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया, जिसमें 75 से अधिक संस्थानों और 500 से ज्यादा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों और संभावित नियोक्ताओं के बीच सीधा संवाद स्थापित कर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना था। इससे छात्रों को अलग-अलग क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं को समझने का मौका मिला।




इन छात्रों को मिला शामिल होने का मौका
प्लेसमेंट ड्राइव में पर्यटन प्रबंधन, आजीवन शिक्षा एवं विस्तार और सोशल साइंस से जुड़े छात्रों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा ऑनलाइन और दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को भी इसमें शामिल होने का अवसर दिया गया। इससे रोजगार की तलाश कर रहे विभिन्न वर्गों के छात्रों को एक ही मंच पर कंपनियों और संस्थानों से जुड़ने का मौका मिला।
सुबह 11 से शाम 4 बजे तक चला कार्यक्रम
विश्वविद्यालय के विभागीय सेमिनार कक्ष में यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया गया। इस दौरान छात्रों ने विभिन्न रिक्रूटर्स से बातचीत की और अपने करियर से जुड़े सवाल पूछे। प्रतिभागियों को अलग-अलग क्षेत्रों के पेशेवरों से संपर्क करने के साथ करियर मार्गदर्शन से जुड़े सत्रों में शामिल होने का अवसर भी मिला।
शिक्षा से लेकर पर्यटन तक कई संस्थान शामिल
ड्राइव में जनहित सोसाइटी फॉर सोशल वेलफेयर, अभिव्यक्ति फाउंडेशन, सरस्वती एजुकेशनल सोसाइटी, चाइल्ड सर्वाइवल इंडिया, बाल विकास धारा, समन्वित शिक्षा संस्थान और आकांक्षी समिति समेत कई संस्थानों ने भाग लिया। शिक्षा, सामाजिक विकास, स्वास्थ्य, रिसर्च, मानवाधिकार और पर्यटन जैसे क्षेत्रों से जुड़े संगठनों ने छात्रों को रोजगार के अवसरों से परिचित कराया।
अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन
यह कार्यक्रम दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग की निदेशक प्रो. पायल मागो और सतत शिक्षा एवं विस्तार विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. कुमार आशुतोष ने संरक्षक की भूमिका निभाई। दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र के निदेशक प्रो. अजय जायसवाल सह संरक्षक रहे।

