
रांची : धनबाद के ईस्ट बसुरिया कोलियरी क्षेत्र संख्या 6 में बीसीसीएल प्रबंधन और सत्यम इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड आउटसोर्सिंग कंपनी के खिलाफ ग्रामीणों और मजदूरों का आक्रोश फूट पड़ा। कंपनी द्वारा स्थानीय ग्रामीणों एवं मजदूरों से बिना वार्ता किए खनन कार्य शुरू किए जाने के विरोध में परियोजना पदाधिकारी कार्यालय के मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष विशाल महतो और मिथुन महतो ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं मजदूरों ने भाग लेते हुए प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खनन कार्य के कारण लगातार हो रही ब्लास्टिंग से घरों में दरारें पड़ रही हैं, प्रदूषण बढ़ रहा है, खेत-खलिहान बंजर हो रहे हैं तथा क्षेत्र का पानी दूषित हो चुका है। वहीं, पूर्व में कार्यरत कंपनी के बंद होने के बाद स्थानीय मजदूरों के सामने रोजगार का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि झारखंड सरकार के कैबिनेट निर्णय के अनुसार निजी कंपनियों में स्थानीय लोगों को 75 प्रतिशत रोजगार देने का प्रावधान है, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय ग्रामीणों से बिना बातचीत किए कार्य प्रारंभ किया जाना जनभावनाओं के खिलाफ है। नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि स्थानीय ग्रामीणों एवं मजदूरों के साथ जल्द बैठक कर समाधान नहीं निकाला गया और सहमति के बिना खनन कार्य शुरू किया गया, तो क्षेत्र के लोग उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
इस मौके पर विशाल महतो (उपाध्यक्ष, युवा कांग्रेस धनबाद जिला), मिथुन महतो, अनिल यादव, रूपेश रवानी, अभिषेक सिंह, बबलू पांडे, गणेश महतो, विष्णु प्रामाणिक, बिनोद महतो, अनिल रवानी, घलटू महतो, श्यामू खान, राजू सिंह, जितेंद्र सिंह, लखन यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण मजदूर उपस्थित रहे।

