अवैध कोयला कारोबार में वर्चस्व को लेकर गैंगवार, फायरिंग में 3 गंभीर रूप से घायल

धनबाद के कतरास में अवैध कोयला कारोबार को लेकर दो गुटों में खूनी गैंगवार, 50 राउंड फायरिंग से दहला इलाका, तीन घायल, पुलिस जांच तेज, इलाके में तनाव बरकरार।

Neeral Prakash
5 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : कोयला नगरी धनबाद में ब्लैक डायमंड यानी की कोयले के कारोबार का इतिहास जितना पुराना है, यहां के अपराध की जड़ें भी उतनी ही गहरी हैं। कोलियरियों पर कब्जे और वर्चस्व को लेकर यहां दशकों तक खूनी खेल खेला गया। वक्त बदला, चेहरे बदले और अपराध के तौर-तरीके भी बदलते गए, लेकिन 1950 के दशक के आसपास शुरू हुई धनबाद में गैंगवार की दास्तान और वर्चस्व की जंग अब भी जारी है, लेकिन अब इसका स्वरूप बदल गया है। अब वर्चस्व की जंग डिजिटल युग और रंगदारी के नए तरीकों में बदल चुकी है, लेकिन इतिहास गवाह है कि जब तक कोयले के अवैध कारोबार और राजनीति का यह गठजोड़ पूरी तरह ध्वस्त नहीं होगा, तब तक धनबाद की धरती पर शांति की उम्मीद बेमानी है। प्रशासन को संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनानी होगी।

झारखंड के धनबाद कोयलांचल में अवैध कोयला कारोबार पर वर्चस्व स्थापित करने को लेकर एक बार फिर हिंसक टकराव की घटना हुई है। जिले के कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद मस्जिद के समीप स्थित कैलूडीह मैदान के पास में कोयले के अवैध कारोबार को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। बुधवार देर रात करीब 1:25 बजे अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका दहल उठा। दोनों ओर से जमकर गोलीबारी हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई।
मोहम्मद तौसीफ (39) को कंधे में गोली लगी, जिसे पहले स्थानीय नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, नीतीश कुमार यादव के पैर में गोली लगी है। जिसका निचितपुर के एक नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है। तीसरे घायल का भी वहीं उपचार जारी है। घटना की खबर फैलते ही अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बाघमारा डीएसपी अजीज कुमार विमल, कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पार्षद मो. शहाबुद्दीन भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और लोगों में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसके बाद दोनों ओर से अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई। जानकारी के अनुसार 50 से अधिक राउंड गोलियां चलीं। इस दौरान दोनों गुटों के एक-एक सदस्य समेत कुल तीन लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कतरास थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जब तब पहुंची तब तक दोनों गुटों के लोग फरार हो चुके थे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर छानबीन शुरू कर दी है। देर रात डीएसपी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

अवैध कोयला कारोबार को लेकर है पुराना विवाद

जहां यह गोलीबारी हुई, उसके पास ही एक आउटसोर्सिंग प्रोजेक्ट स्थित है। आसपास लंबे समय से अवैध कोयला खनन का धंधा फल-फूल रहा है। साइकिल और बाइक के जरिए चोरी का कोयला लाकर छाताबाद और स्वास्तिक टॉकीज के बीच बड़े पैमाने पर डंप किया जाता है, जहां से इसे ट्रकों के माध्यम से विभिन्न इलाकों में भेजा जाता है।

इस अवैध कारोबार पर कब्जे को लेकर दो गुटों के बीच लंबे समय से संघर्ष जारी है। पिछले साल मार्च में भी इसी तरह की भिड़ंत में मनोज यादव नामक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। उस मामले में विकास बजरंगी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। ताजा घटना ने एक बार फिर इलाके में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामले को लेकर एसडीपीओ, बाघमारा अजीत कुमार विमल ने मीडिया को बताया कि दो गुटों के बीच फायरिंग हुई है। तीन लोगों को गोली लगने की सूचना है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। वारदात में शामिल लोगों को ढूंढ़कर गिरफ्तार किया जाएगा।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।