धनबाद में लुटेरी दुल्हन गैंग का भंडाफोड़: पहले दुल्हन दिखायी, मांग भी भरवाया, फिर परिवार को रास्ते में लूटा, पुलिस ने ऐसे दबोचा

राजस्थान से बेटे की शादी कराने धनबाद आया परिवार शादी के झांसे में फंसा। सिंदूर की रस्म के बाद वैन में मारपीट कर रुपये, मोबाइल और सामान लूट लिया गया।

4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद : राजस्थान के अलवर से एक परिवार बेटे की शादी कराने का सपना लेकर हजारों किलोमीटर दूर धनबाद पहुंचा था। उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि शादी की खुशी के लिए शुरू हुआ यह सफर लूट और मारपीट की खौफनाक घटना में बदल जाएगा। बरवाअड्डा पुलिस ने शादी का झांसा देकर दूसरे राज्यों से लोगों को बुलाने और फिर उन्हें लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चार महिलाएं भी शामिल हैं।

मामला अलवर जिले के बगर निवासी इकबाल उर्फ गुल्लू से जुड़ा है। बताया गया कि गिरोह की महिला सदस्य सुमन विश्वकर्मा ने ‘सपना’ नाम बनाकर इकबाल के पिता श्यामलाल और चाचा रमेश से फोन पर संपर्क किया था। दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत हुई और परिवार को भरोसा हो गया।

पिछले सोमवार को इकबाल अपने पिता श्यामलाल, चाचा रमेश और मां गुड्डी के साथ धनबाद स्टेशन पहुंचा। स्टेशन पर गिरोह के लोग दो वैन लेकर पहले से मौजूद थे। वे परिवार को सिमरा गांव ले गए। यहां पहुंचने के बाद शादी के नाम पर पैसों की मांग शुरू हो गई।

सिमरा पहुंचते ही परिवार से शादी के लिए एक लाख रुपये मांगे गए। दूल्हे के पिता श्यामलाल ने अजय दास के मोबाइल पर ऑनलाइन 40 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद परिवार को टुंडी रोड के लोहारबरवा ले जाया गया। वहां दुल्हन के लिए करीब 30 हजार रुपये के कपड़े और आभूषण खरीदवाए गए। इसमें साड़ी, लहंगा, जींस पैंट, अंगवस्त्र, चूड़ी और दूसरे सामान शामिल थे।

परिवार को यही लग रहा था कि शादी की तैयारियां चल रही हैं। इसके बाद उन्हें दो वैन से सोनरिया गांव के काजू बागान ले जाया गया। वहां पूजा कुमारी नाम की महिला को दुल्हन के तौर पर सामने लाया गया। इकबाल से उसकी मांग में सिंदूर भी भरवाया गया।

जब परिवार ने इस पर आपत्ति जताई तो आरोपियों ने कहा कि दुल्हन को घर ले जाने के बाद अपने रीति-रिवाज के मुताबिक शादी कर लेना। उनकी बात सुनकर परिवार ने मामला शांत कर दिया। इसके बाद गिरोह परिवार को जीटी रोड स्थित उदयपुर के एक होटल में ले गया। उनसे कहा गया कि यहां शादी की पार्टी होगी। परिवार को तब तक इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि आगे उनके साथ क्या होने वाला है।

होटल से बाहर निकलने के बाद रास्ते में ही वाहन के अंदर आरोपियों ने दूल्हे के परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ देर पहले तक जो परिवार शादी की रस्म पूरी होने की खुशी में था, वही अब अपनी जान और सामान बचाने के लिए संघर्ष कर रहा था।

आरोपियों ने परिवार से रुपये और मोबाइल फोन छीन लिए। इसके अलावा दुल्हन के लिए खरीदे गए करीब 30 हजार रुपये के कपड़े, आभूषण और अन्य सामान भी लूट लिया। इस तरह शादी की उम्मीद लेकर धनबाद पहुंचा परिवार ठगी, मारपीट और लूट का शिकार हो गया।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।