
रांची : जमशेदपुर के डिमना लेक के पीछे स्थित एक रिजॉर्ट रविवार को उस समय विवादों में घिर गया, जब स्थानीय ग्रामीणों ने वहां कथित तौर पर सेक्स रैकेट संचालित होने का आरोप लगाते हुए छापेमारी कर दी। मामला बोड़ाम थाना क्षेत्र के गेरूआ गांव के समीप स्थित लेक व्यू होटल एंड रिजॉर्ट का बताया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि रिजॉर्ट में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। इसी के आधार पर गांव के लोग एकजुट होकर होटल पहुंचे और अलग-अलग कमरों की जांच शुरू की। इस दौरान वहां से 3 युवक और 3 युवतियों को पकड़ा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि सभी आपत्तिजनक स्थिति में थे।
घटना के बाद ग्रामीणों ने होटल परिसर में ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण बन गया। सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि जब पुलिस युवक-युवतियों को थाना ले जाने लगी, तब ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि पुलिस पहले लिखित रूप से कार्रवाई का आश्वासन दे और रिजॉर्ट मालिक को मौके पर बुलाया जाए। इस दौरान काफी देर तक बहस और हंगामा चलता रहा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रिजॉर्ट अवैध गतिविधियों का अड्डा बन चुका है और यहां रोजाना बाहरी युवक-युवतियों का आना-जाना लगा रहता है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

