मुख्यमंत्री विजय के खिलाफ टिप्पणी को लेकर द्रमुक नेताओं राजा एवं शेखर बाबू पर मामला दर्ज

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चेन्नई : तमिलनाडु में हाल में विपक्षी दल द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के खिलाफ कथित मानहानिकारक टिप्पणियां करने को लेकर पुलिस ने द्रमुक के वरिष्ठ नेताओं –ए राजा और पी के शेखर बाबू के खिलाफ विभिन्न कानूनी प्रावधानों के तहत मामले दर्ज किए हैं। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। द्रमुक उप महासचिव राजा और पूर्व मंत्री बाबू के अलावा, पार्टी के विधायक वसंतम कार्तिकेयन के खिलाफ भी 12 सितंबर को कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणियां करने को लेकर मामले दर्ज किए गए।

अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की कि द्रमुक के हार्बर के विधायक और चेन्नई पूर्वी जिले के सचिव बाबू के ख़िलाफ़ बी1 नॉर्थ बीच थाने में मामला दर्ज किया गया है, क्योंकि शिकायत है कि उन्होंने पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की थी। सैदापेट पुलिस ने तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के पदाधिकारी कार्तिक की शिकायत पर राजा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार, राजा ने विधानसभा में मुख्यमंत्री के भाषण की निंदा करने के लिए आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान ऊर्जा संसाधन और कानून मंत्री आर. निर्मल कुमार के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी।

राजा ने सत्ताधारी टीवीके को उन पर मामला दर्ज करने की चुनौती देते हुए कहा था कि कांग्रेस और भाजपा नेताओं ने भी पार्टी अध्यक्ष एम.के. स्टालिन के योगदान और आपातकाल के दौरान ‘मीसा’ के तहत उनकी गिरफ्तारी की बात स्वीकारी थी। कल्लाकुरिची पुलिस ने विजय के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए ऋषिवंधियम के विधायक वसंतम कार्तिकेयन के खिलाफ मामला दर्ज किया। आपातकाल के दौरान ‘मीसा’ के तहत स्टालिन की गिरफ्तारी पर टिप्पणी करने और इशारे करने के बाद द्रमुक ने मुख्यमंत्री के खिलाफ पूरे राज्य में प्रदर्शन किया।

हाल में विधानसभा सत्र के दौरान द्रमुक पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए, विजय ने आपातकाल के दौरान ‘आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था अधिनियम’ (मीसा) के तहत स्टालिन की गिरफ्तारी पर टिप्पणी की और इशारे किए, जिसका सदन में द्रमुक सदस्यों ने तुरंत विरोध किया। बाद में कुमार ने विधानसभा में मुख्यमंत्री की टिप्पणियों का समर्थन किया और लंबे समय से चली आ रही इस धारणा पर सीधा सवाल उठाया कि 1975–77 के आपातकाल के दौरान द्रमुक प्रमुख को कठोर मीसा के तहत गिरफ्तार किया गया था। मदुरै में मीनाक्षी अम्मन मंदिर के अभिषेक समारोह की तैयारियों का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने दावा किया कि स्टालिन के मीसा के तहत बंदी बनाये जाने के दावे को साबित करने के लिए किसी आधिकारिक हिरासत आदेश की प्रति उपलब्ध नहीं है।
कुमार ने कहा था, ‘‘ मौलिक प्रश्न यह है कि क्या उन्हें मीसा के तहत हिरासत में लिया गया था या नहीं।’’

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।