
रांची : रांची के चर्चित जमीन कारोबारी कमलेश कुमार सिंह के खिलाफ ईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 66 एकड़ जमीन जब्त कर ली है। इस जमीन की मौजूदा बाजार कीमत करीब 85 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जांच में ईडी को पता चला कि कांके और नगड़ी अंचल में स्थित इन जमीनों के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए थे। ईडी के अनुसार कमलेश कुमार सिंह ने कथित तौर पर जालसाजी के जरिए इन संपत्तियों में से कुछ को पहले ही बेच दिया था, जबकि बाकी जमीनों को बेचने की तैयारी चल रही थी। इससे पहले ही ईडी ने कार्रवाई करते हुए पूरी जमीन जब्त कर ली। इस मामले में ईडी पहले ही कमलेश और उसके सहयोगियों के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है और मामले की जांच अभी भी जारी है।
एक समय मामूली फोटोग्राफर के तौर पर काम करने वाले कमलेश सिंह ने बाद में जमीन के कारोबार में अपनी पहचान बनाई। धीरे-धीरे उन्होंने रांची के बरियातु और कांके जैसे वीआईपी इलाकों की कीमती जमीनों पर नजर जमाई। उस पर आरोप है कि सरकारी अधिकारियों और कुछ प्रभावशाली लोगों के साथ मिलकर जमीन के अवैध कारोबार का बड़ा नेटवर्क तैयार किया था। कमलेश सिंह का नाम उस समय सबसे ज्यादा चर्चा में आया, जब 21 जून 2024 को ईडी ने कांके रोड स्थित उसके आवास समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। इस कार्रवाई के बाद पूरे मामले ने तेजी से सुर्खियां बटोरीं।
छापेमारी के दौरान ईडी को कमलेश के ठिकानों से करीब 1 करोड़ रुपये नकद मिले थे। इसके अलावा 100 जिंदा गोलियां भी बरामद हुई थीं। जांच के दौरान एजेंसी ने फर्जी जमीन डीड, सरकारी रजिस्टरों की प्रतियां और कथित जालसाजी से जुड़े कई अहम दस्तावेज बरामद किए थे। लंबी पूछताछ के बाद ईडी ने कमलेश कुमार सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, कुछ महीने पहले ही उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया है।

