फरीदाबाद में खेल-खेल में विवाद के बाद किशोर ने 12 वर्षीय बालक पर चाकू से हमला कर हत्या की

फरीदाबाद में खेलने के दौरान मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, 14 वर्षीय किशोर ने कथित तौर पर 12 वर्षीय कन्नू की चाकू घोंपकर हत्या कर दी।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

फरीदाबाद: फरीदाबाद में खेलने के दौरान हुए मामूली विवाद के बाद एक किशोर ने 12 वर्षीय बालक पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, रविवार शाम वारदात को अंजाम देने के बाद 14 वर्षीय आरोपी मौके से फरार हो गया और वारदात में प्रयुक्त हथियार अपने साथ ले गया।

मृतक के चाचा इकबाल ने बताया कि उनका भतीजा कन्नू रविवार शाम करीब सात बजे सेक्टर 56 स्थित आशियाना फ्लैट के ब्लॉक-14 में अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी आरोपी नाबालिग वहां पहुंचा और उसके साथ खेलने लगा। वह अक्सर यहां खेलने आया करता था। इकबाल का आरोप है कि खेल-खेल में दोनों के बीच कहासुनी और हाथापाई हो गई, जिसके बाद 14 वर्षीय किशोर ने कन्नू के सीने में चाकू घोंप दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘पड़ोसियों ने फोन करके हमें इस वारदात की जानकारी दी। हम तुरंत ब्लॉक-7 से घर पहुंचे और कन्नू को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’’ पुलिस ने बताया कि इस संबंध में सेक्टर 58 थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक केवल सिंह ने कहा, ‘‘मृतक के पिता यामीन की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।