पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने 88 साल के उम्र में दी कोरोना को मात

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: कोरोना वायरस से संक्रमित होने के कारण एम्स में भर्ती पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को गुरुवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई।

88 वर्षीय मनमोहन सिंह को 19 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव होने के बाद एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। डॉ. सिंह कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी गुरशरण कौर ने 4 मार्च को एम्स जाकर कोरोना वैक्सीन का पहला डोज लिया था।

मनमोहन सिंह के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी।

उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने देश में कोविड-19 के कारण उत्पन्न हालात से निपटने के लिए बीते दिनों पांच उपाय सुझाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा था।

साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया था कि महामारी से मुकाबले के लिए टीकाकरण तथा दवाओं की आपूर्ति बढ़ाना महत्वपूर्ण होगा।

बता दें कि, पिछले साल नई दवा के कारण रिएक्शन और बुखार होने के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था।

कई दिनों के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और फिलहाल राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं।

वह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे हैं। साल 2009 में उनकी एम्स में ही कोरोनरी बाईपास सर्जरी हुई थी।

Share This Article