नई दिल्ली: अगर आप किसी दुकान ठेले या होटल पर समोसा, पकौड़ा या अन्य खाद्य पदार्थ अखबार में लपेटकर या उसी पर रखकर परोसते हैं तो अब सावधान हो जाइए। इस पुराने और आम चलन पर सरकार ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने अखबार में खाद्य पदार्थों को परोसने और पैक करने पर देशभर में प्रतिबंध लगा दिया है। प्राधिकरण का कहना है कि इस तरह खाद्य सामग्री परोसना लोगों की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। FSSAI ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और कारोबारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इतना ही नहीं गंभीर मामलों में संबंधित लोगों को जेल तक जाना पड़ सकता है।

देश के कई हिस्सों में चाय की दुकानों, रेहड़ियों और छोटे-बड़े होटलों में आज भी समोसा, पकौड़ा और अन्य तली हुई चीजें अखबार में रखकर देने की परंपरा देखने को मिलती है। लेकिन अब खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत इस पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। ऐसे में खाद्य कारोबार से जुड़े लोगों को सलाह दी गई है कि वे खाद्य पदार्थों की पैकिंग और परोसने के लिए केवल सुरक्षित और स्वीकृत सामग्री का ही इस्तेमाल करें, ताकि नियमों का पालन हो। इसके साथ ही ग्राहकों की सेहत भी सुरक्षित रहे।


