रांची: राजधानी रांची में लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण शहर के विभिन्न इलाकों में कई जगह पेड़ और उनकी टहनियां गिर गईं। इससे आम नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई, जिसके बाद रांची नगर निगम की हॉर्टिकल्चर और स्वच्छता शाखा की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को संभाला। नगर निगम की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर गिरे हुए पेड़ों और डालियों को हटाकर सड़कों को साफ किया और यातायात फिर से सुचारू कराया।

नगर निगम द्वारा एजी मोड़, हवाई नगर रोड, सेंट्रल स्कूल रोड डोरंडा, हरमू बाईपास-सैटेलाइट चौक, कांके रोड, हिनू, पहाड़ी मंदिर लेन, धुर्वा सेक्टर-3 व 4, सिरमटोली, बरियातू, डीएवी नंदराज के पास, पटेल चौक हरमू, भूतनाथ मंदिर हरमू, मिशन चौक, थरपखना चौक, जेल चौक, सेंट फ्रांसिस स्कूल के पास, सदर थाना, हटिया कब्रिस्तान, एदलहातू, पल्लवी कॉन्वेंट के पास, डोरंडा साउथ ऑफिस पाड़ा और भाभा नगर कोकर सहित कुल 24 प्रमुख स्थानों पर त्वरित कार्रवाई की गई।
मौसम की इस स्थिति को देखते हुए रांची नगर निगम ने नागरिकों के लिए एक सुरक्षा एडवाइजरी भी जारी की है। निगम ने लोगों से अपील की है कि तेज बारिश और हवा के दौरान पेड़ों के नीचे या कमजोर structures के आसपास खड़े न हों, अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और वाहनों को पेड़ों व बिजली के खंभों के नीचे पार्क न करें। इसके अलावा, गिरे हुए बिजली के तारों और उनके संपर्क में आए पेड़ों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। यदि कहीं भी झुका हुआ पेड़ या गिरी हुई टहनी दिखे, तो नागरिक तत्काल नगर निगम के 24×7 टोल-फ्री नंबर 1800-570-1235 पर सूचना देकर किसी बड़े हादसे को रोकने में मदद कर सकते हैं।


