
गढ़वा: गढ़वा जिले की मंईयां योजना के लाखों महिलाओं के लिए खुशखबरी है। जिले की करीब 2.23 लाख पात्र महिलाओं के बैंक खातों में एक साथ तीन महीने की सम्मान राशि ट्रांसफर कर दी गई है। इसके तहत जिले की कुल 2,23,001 पात्र महिलाओं के खातों में अप्रैल, मई और जून महीने की सम्मान राशि डीबीटी के माध्यम से भेज दी गई है।
तीन महीने की राशि एक साथ मिलने से जिले की महिलाओं और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। इस आर्थिक सहायता से महिलाओं को घरेलू खर्चों के साथ-साथ अपनी व्यक्तिगत जरूरतों को पूरा करने में भी समय पर सहारा मिलेगा। सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने आधिकारिक तौर पर बताया है कि सभी स्वीकृत और पात्र लाभुकों के बैंक खातों में राशि जमा कर दी गई है। साथ ही प्रशासन ने सभी लाभार्थी महिलाओं से अपने-अपने बैंक खातों की जांच करने की अपील भी की है।
जिला प्रशासन ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश
मंईयां सम्मान योजना के लाभार्थियों के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देश पर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ पात्र लोगों तक पहुंचे। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा है कि कोई भी पात्र नागरिक योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए और किसी भी अपात्र व्यक्ति को इसका लाभ नहीं मिलना चाहिए। इसी निर्देश के तहत संबंधित विभाग लगातार योजना के क्रियान्वयन की निगरानी कर रहा है।
प्रशासन ने की लाभुकों से ये अपील
प्रशासन ने महिलाओं से अपील की है कि यदि सम्मान राशि उनके खाते में आने में किसी तरह की तकनीकी परेशानी, केवाईसी या बैंकिंग से जुड़ी कोई समस्या आती है तो वे किसी बिचौलिए के झांसे में न आएं। ऐसी स्थिति में लाभार्थी सीधे अपने संबंधित प्रखंड कार्यालय या नजदीकी बैंक शाखा से संपर्क कर समस्या का समाधान करा सकते हैं।

