
Love Trap Case : गढ़वा जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र में पहचान छिपाकर युवती को प्रेम जाल में फंसाने और बाद में प्रताड़ित करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने महिला थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
हैदराबाद में हुई थी मुलाकात
जानकारी के अनुसार, पीड़िता रांची जिले के बेरो क्षेत्र की रहने वाली है और पहले हैदराबाद में काम करती थी। वहीं उसकी मुलाकात आरोपी युवक से हुई थी।
आरोप है कि युवक ने अपना नाम “सोनू” बताकर खुद को हिंदू और अविवाहित बताया और युवती को प्रेम जाल में फंसाया। बाद में जनवरी 2026 में शादी का झांसा देकर उसे अपने गांव ले आया।
घर पहुंचने पर खुली सच्चाई
युवती के अनुसार, जब वह आरोपी के घर पहुंची तो उसे पता चला कि उसका असली नाम इनायत अंसारी है और वह पहले से शादीशुदा है तथा दो बच्चों का पिता भी है।
इसके बाद पीड़िता का आरोप है कि उस पर धर्म और जीवनशैली बदलने का दबाव बनाया गया और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।
परिजनों पर भी आरोप
पीड़िता ने आरोपी के साथ-साथ उसके पिता, मां और अन्य परिजनों पर भी प्रताड़ना का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इस मामले में समझौते की कोशिश हो चुकी थी, लेकिन हालात नहीं सुधरे।
पुलिस जांच जारी
महिला थाना प्रभारी रुक्मिणी कुमारी ने बताया कि आवेदन मिला है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

