प्रेम प्रसंग में युवक चढ़ा मोबाइल टावर पर, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गढ़वा : गढ़वा जिले के खरौंधी मुख्यालय में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक प्रेम प्रसंग को लेकर एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान आदित्य कुमार के रूप में हुई है, जो खरौंधी क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। टावर पर चढ़ने के बाद उसने अपनी प्रेमिका से शादी कराने की मांग रखी। युवक का कहना था कि यदि उसकी शादी संबंधित युवती से नहीं कराई गई तो वह टावर से कूदकर जान दे देगा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और कई घंटों तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

जानकारी के अनुसार आदित्य कुमार का मझिगवां गांव की एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। सूचना मिलने पर खरौंधी थाना के एएसआई सुरेंद्र दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने युवक को समझाने का प्रयास किया। बाद में युवती के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद युवक टावर से नीचे उतर गया। इसके बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाना ले गई।

घटना के बाद टावर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि टावर परिसर में पर्याप्त घेराबंदी और सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। इसी कारण युवक आसानी से टावर पर चढ़ गया। ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए दूरसंचार कंपनियों से सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की मांग की है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।