नई दिल्ली : कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ओमान तट के पास अमेरिकी सैन्य हमलों में तीन भारतीय नाविकों की मौत के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि अमेरिका की ओर से भारत को दिए गए कड़े संदेशों के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी चुप हैं और एक “आज्ञाकारी सेवक” की तरह व्यवहार कर रहे हैं। रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर हिंदी में किए गए एक पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा कि अमेरिकी हमलों में तीन भारतीय नाविकों की मौत के बाद भी न तो अमेरिका ने कोई खेद व्यक्त किया और न ही माफी मांगी। इसके उलट अमेरिका भारत को आदेश देने वाली भाषा का इस्तेमाल कर रहा है।

राहुल गांधी ने कहा, “कुछ ही दिन पहले अमेरिकी हमलों में तीन भारतीय नाविक मारे गए, लेकिन न कोई खेद व्यक्त किया गया और न ही माफी मांगी गई। इसके बावजूद अमेरिका लगातार आदेश दे रहा है। उनके शब्द पढ़िए – ‘अमेरिकी सेना के आदेशों का तुरंत पालन करें।’” उन्होंने कहा कि कोई भी संप्रभु राष्ट्र ऐसी भाषा बर्दाश्त नहीं करेगा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर चुप हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि “समझौता कर चुका प्रधानमंत्री देश के सम्मान की रक्षा नहीं करेगा, क्योंकि वह उन लोगों के प्रति जवाबदेह है जो देश का अपमान करते हैं।” दरअसल, अमेरिका ने अप्रैल से होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में नौसैनिक नाकेबंदी लागू कर रखी है। अमेरिका का कहना है कि यह कदम ईरान के तेल व्यापार को सीमित करने के लिए उठाया गया है।


