गिरिडीह में अचानक भड़की भीषण आग, गोदाम समेत दुकानें जलकर राख

गिरिडीह के स्टेशन रोड पर जेबीवीएनएल गोदाम में भीषण आग से हड़कंप, स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा, फायर ब्रिगेड देरी से पहुंची, बड़ा हादसा टल गया समय रहते काबू

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गिरिडीह : गिरिडीह शहर के स्टेशन रोड स्थित मोदी धर्मशाला के पास झारखंड बिजली वितरण निगम के गोदाम में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में चारों ओर धुएं का गुबार छा गया। इस घटना में एक लाख रुपये से ज्यादा की संपत्ति जलकर राख हो गई। सुबह गोदाम से अचानक उठती लपटों को देखकर आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर जमा हो गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने खुद संभाला मोर्चा

फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोग बाल्टी और जो भी साधन मिले, उनसे आग बुझाने में जुट गए। इसी बीच आग की चपेट में पास की दो झोपड़ीनुमा दुकानें भी आ गईं, जो पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन वहां से जवाब मिला कि दोनों गाड़ियां पहले से ही दूसरे काम में लगी हैं और पहुंचने में समय लगेगा। इस बीच नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने की कोशिश करती रही।

टला बड़ा हादसा, वरना बढ़ सकता था नुकसान

गोदाम के ठीक बगल में मोदी धर्मशाला है, जहां आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। लोगों का कहना है कि अगर आग वहां तक पहुंच जाती, तो नुकसान कई गुना ज्यादा हो सकता था और बड़ा हादसा हो जाता। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आग कैसे लगी। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।