
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने युवक को इलाज के लिए भेजा अस्पताल
रांची : राजधानी की कानून-व्यवस्था बदतर हो गयी है। अपराधियों में पुलिस का डर खत्म होता दिख रहा है। मंगलवार को पंडरा में अपराधियों ने भार्गव सिंह को गोली मार दी, जिससे वह घायल है। उसे रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक को पीछे से गोली मारी गई है। युवक हनुमान मंदिर से पूजा करने के बाद अपना प्रसाद लेकर वापस मुड़ ही रहा था कि तभी नकाबपोश अपराधी ने उसे पीछे से गोली मार दी। इसके बाद भार्गव सिंह जमीन पर गिर पड़ा। वहीं अपराधी मौके से फरार हो गया। शोरगुल की आवाज सुनकर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को अस्पताल भिजवाया।

घायल युवक भार्गव सिंह ने कहा है कि रातू इलाके में स्थित जमीन मामले में उस पर विजय नामक व्यक्ति की ओर से गोली चलाई गई है। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दिनदहाड़े हुई गोलीबारी के बाद एक तरफ पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है तो वहीं दूसरी तरफ रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने राजधानी की सुरक्षा पर सवाल उठाया है। घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है।

