
रांची: खेलगांव स्थित ओरिएंट क्राफ्ट फैशन इंडस्ट्रीज लिमिटेड में मंगलवार सुबह अचानक माहौल गर्म हो गया। महीनों से वेतन नहीं मिलने से नाराज सैकड़ों कर्मचारियों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। फैक्ट्री के मुख्य गेट पर इकट्ठा होकर नारेबाजी शुरू कर दी। इस विरोध के चलते फैक्ट्री का कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गया और उत्पादन ठप पड़ गया। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें पिछले कई महीनों से सैलरी नहीं दी गई है, जिससे उनकी आर्थिक हालत बेहद खराब हो गई है। कर्मचारियों ने बताया कि अब घर का किराया देना, बच्चों की स्कूल फीस भरना, राशन लाना और रोजमर्रा के खर्च उठाना मुश्किल होता जा रहा है। कई परिवारों के सामने तो भुखमरी जैसी स्थिति पैदा हो गई है।

