
झारखंड: झारखंड के गिरिडीह से अजीबोगरीब खबर सामने आई है। गिरिडीह के सदर अस्पताल में 14 साल की नाबालिग ने बच्ची को जन्म दिया है और बता दें बच्ची को जन्म देने के बाद उसे छोड़कर भागने की असफल कोशिश भी की गई।
मामला बेंगाबाद थाना क्षेत्र का है। बेंगाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक गर्भवती नाबालिग छात्रा अपने स्वजन के साथ सदर अस्पताल पहुंची और बाथरूम में चली गई जहां उसने एक स्वस्थ नवजात बच्ची को जन्म दिया। बच्ची को जन्म देने के बाद रक्तस्राव हो रहा था लेकिन नाबालिग उसी स्थिति में सदर अस्पताल के शौचालय में नवजात को छोड़कर भागने की असफल कोशिश करने लगी।
बता दें इसके बाद शौचालय से नवजात को बरामद करते हुए पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात समेत नवजात को जन्म देने वाली नाबालिक को समुचित चिकित्सीय सुविधा प्रदान कराने को लेकर एंबुलेंस से चैताडीह स्थित मातृत्व शिशु अस्पताल पहुंचाया गया।

