रांची : राजधानी रांची समेत पूरा झारखंड इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। दोपहर होते ही सड़कों पर आवाजाही कम हो जा रही है, बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में सन्नाटा देखने को मिल रहा है। रात में हो रही बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। गर्मी इतनी ज्यादा है कि लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है। वहीं, भीषण गर्मी और लू का असर अब जानलेवा भी साबित होने लगा है। जमशेदपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान महिला समेत दो लोगों की मौत हो चुकी है। उधर, पलामू के छतरपुर में लू लगने से दो अधेड़ लोगों की जान चली गई।

शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले तीन दिनों में राजधानी का तापमान और बढ़ सकता है। अनुमान है कि 23 मई को तापमान 40 डिग्री, 24 मई को 41 डिग्री और 25 मई को 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
इधर, राज्य में डालटनगंज सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शनिवार को गढ़वा, पलामू और चतरा जिले में हीटवेव चलने की संभावना जताई है। अन्य जिलों की बात करें तो बोकारो का अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री, जमशेदपुर का 38.6 डिग्री और चाईबासा का 39.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
27 मई तक ऐसा रहेगा मौसम
23 मई: गढ़वा, पलामू और चतरा जिले के कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की संभावना है।
24 से 26 मई: गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो समेत गढ़वा, पलामू और चतरा में आंधी और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
27 मई: रांची, गढ़वा, पलामू और चतरा में फिर से लू चलने की आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।


