
गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले के सरिया रेंज स्थित धोबारी जंगल से एक हाथी का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। हाथी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, जिसके बाद वन विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है। जिस स्थान पर हाथी का शव मिला है, वह क्षेत्र हजारीबाग पूर्वी वन प्रक्षेत्र के अंतर्गत आता है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय वनकर्मी मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही हजारीबाग पूर्वी वन प्रक्षेत्र के डीएफओ विकास उज्जवलभी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पशु चिकित्सकों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। वहीं हाथी की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार क्षेत्र में हाथियों का एक झुंड विचरण कर रहा था। मृत हाथी उसी झुंड का बताया जा रहा है, जिसकी उम्र लगभग 10 से 12 वर्ष के बीच थी। वन विभाग के मुताबिक हाथी की मौत दो से तीन दिन पहले होने की आशंका जताई जा रही है।
शुरुआती जांच में संभावना जताई जा रही है कि हाथी झाड़ियों में फंस गया होगा, जिसके कारण उसकी मौत हुई। हालांकि वन विभाग अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा है और हर पहलू की जांच की जा रही है।
हाथी के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हाथी आखिर झाड़ियों में कैसे फंसा और उस समय झुंड में कुल कितने हाथी मौजूद थे।
डीएफओ विकास उज्जवल ने बताया कि उन्हें हाथी की मौत की सूचना मिली है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि की जा सकेगी। फिलहाल प्राथमिक तौर पर यह आशंका है कि हाथी झाड़ियों में फंस गया था, जिससे उसकी मौत हुई। वन विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

