
Mahasetu Bridge : बिहार में गोपालगंज और पश्चिम चंपारण को जोड़ने वाले जादोपुर-मंगलपुर महासेतु को तकनीकी खामी सामने आने के बाद प्रशासन ने भारी वाहनों के लिए बंद कर दिया है। पुल के स्पैन में 7 से 9 इंच तक का गैप मिलने के बाद सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया।
प्रशासन ने पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी है और बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। इसके कारण अब पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण और बगहा की ओर जाने वाले वाहनों को डुमरिया घाट पुल के रास्ते भेजा जा रहा है, जिससे यात्रियों को लगभग 120 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
करीब 550 करोड़ रुपये की लागत से बना यह महासेतु 2015-16 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा उद्घाटित किया गया था। इस पुल ने दियारा क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के लिए आवागमन को काफी आसान बनाया था, लेकिन अब निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुल में दरार जैसी स्थिति की सूचना मिलने के बाद गोपालगंज जिला प्रशासन ने तुरंत निरीक्षण किया। डीएम पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्पैन के बीच गैप पाया गया है, जिसके चलते एहतियातन भारी वाहनों की आवाजाही रोकी गई है।
अब विशेषज्ञों की टीम द्वारा पुल की तकनीकी जांच की जाएगी, जिसके बाद मरम्मत और आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

