झारखंड : महिला के घर में घुसी भीड़, घेर कर किया पथराव

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गुमला: सिसई थाना क्षेत्र इलाके में डायन बिसाही के आरोप में युवक की आंख फोड़ने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है और इस बीच पालकोट प्रखंड के टेंगरिया गांव में उन्मादी भीड़ एक घर में घुस गई।

भीड़ में शामिल लोगों ने डायन बिसाही का आरोप लगाकर घर की महिला को घेर लिया और उस पर पथराव करना शुरू कर दिया। हालांकि महिला किसी तरह जान बचाकर भाग निकली।

दरअसल, झारखंड में अंधविश्वास के नाम पर डायन बिसाही का आरोप लगाकर महिलाओं पर अत्याचार और हत्या करने का मामला लगातार सामने आता रहता है।

ताजा मामला पालकोट प्रखंड के टेंगरिया गांव का है। यहां फूलकुमारी नामक महिला पर ग्रामीण डायन बिसाही का आरोप लगाते हुए उसके घर में घुस गए और उस पर पथराव कर मारने का प्रयास किया।

कुछ लोग तो वहां पर धारदार हथियार लेकर पहुंचे थे। हालांकि महिला किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रही। इस दौरान परिवार के दूसरे सदस्य भी भाग गए।

घटना की जानकारी होने पर पालकोट पुलिस ने गांव में पहुंचकर दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। अब तक इस मामले में किसी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

पालकोट के थाना प्रभारी राहुल झा ने मंगलवार को बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। फिलहाल दोनों पक्षों को बैठाकर गांव में समझौता कराया गया है और पीड़िता के घर हमला करने वालों को चेतावनी दी गई है।

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार पालकोट के टंगरिया के काष्टु नायक के घर रिश्तेदारी में आई एक बच्ची बीमार हो गई। बच्ची का इलाज कराने की बजाय ओझा को दिखाया गया।

ओझा ने उन्हें बताया कि गांव में रहने वाली महिला ने बच्ची पर टोना-टोटका किया है। इससे नाराज काष्टु नायक अपने गांव के लोगों को लेकर फूलकुमारी के घर पहुंच गया।

उसे घर से बाहर बुलाने लगे। कुछ लोग घर में घुस गए। महिला और उसके घर पर पथराव शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस गांव में पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों, फूलकुमारी और उसके परिवार को एक साथ बैठाकर मामला शांत करा दिया।

Share This Article