
रांची : झारखंड के रेल यात्रियों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। हटिया से बरकाकाना रेल मार्ग पर जल्द ही एक नई पैसेंजर ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है। दक्षिण-पूर्व रेलवे मुख्यालय ने इस संबंध में अपनी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है, जिसके बाद रांची रेल डिवीजन द्वारा अंतिम स्वीकृति के लिए प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया है। बोर्ड से हरी झंडी मिलते ही इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन शुरू हो जाएगा।
यह ट्रेन रांची, नामकुम, टाटीसिलवे, मेसरा, बारिडीह, हेहल, सिधवार और सांकी होते हुए बरकाकाना तक चलेगी। वर्तमान में इस रूट पर सिंगल लाइन होने के कारण केवल बरकाकाना तक ही ट्रेन चलाई जा सकती है। लंबे समय से इस क्षेत्र के लोग पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी होने के करीब है।
छात्रों और दैनिक यात्रियों को मिलेगा लाभ
इस पैसेंजर ट्रेन के शुरू होने से सबसे अधिक फायदा छात्रों और उन लोगों को होगा जो रोज़ाना काम के सिलसिले में राँची आते-जाते हैं। बरकाकाना, सिधवार, सांकी, हेहल और मेसरा के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छात्र उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए रांची आते हैं। वर्तमान में उन्हें बसों या ऑटो से लंबा सफर तय करना पड़ता है, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होते हैं। ट्रेन सेवा शुरू होने से छात्र बेहद कम किराए में और सही समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
ट्रेन सेवा बहाल होने से स्थानीय व्यापारियों और छोटे कारोबारियों को बड़ी राहत मिलेगी। कारोबारी कम लागत में अपने माल की ढुलाई कर सकेंगे। रोजगार की तलाश में रांची आने वाले युवाओं के लिए यह ट्रेन एक बेहतरीन साधन बनेगी, जिससे पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
जनता को बड़ी राहत
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह ट्रेन सामान्य नियमों के तहत चलेगी, जिससे इसका जनरल श्रेणी का किराया सड़क मार्ग (बसों और ऑटो) की तुलना में काफी कम होगा। वर्तमान में इस क्षेत्र के लगभग 50 हजार से अधिक आबादी को रांची आने-जाने के लिए महंगे निजी वाहनों या बसों पर निर्भर रहना पड़ता है। पैसेंजर ट्रेन शुरू होने से लोगों को कम खर्च में सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
डीआरएम रांची करुणानिधि सिंह ने बताया कि पूर्व मध्य रेलवे ने हटिया से बरकाकाना तक ट्रेन चलाने की जानकारी दक्षिण-पूर्व रेल मुख्यालय को दी है। इसके आलोक में मुख्यालय रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजेगा, वहां से स्वीकृति मिलने के बाद ट्रेन चलेगी।

