घरेलू विवाद में पिता ने 6 महीने के बेटे को पटककर मार डाला, आरोपी गिरफ्तार

हजारीबाग में घरेलू विवाद के दौरान पिता पर छह महीने के बेटे को पटकने का आरोप लगा। गंभीर घायल बच्चे की रांची ले जाते समय मौत हो गई, आरोपी गिरफ्तार हुआ।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

हजारीबाग: कटकमसांडी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के दौरान एक पिता पर अपने छह महीने के मासूम बेटे को जमीन पर पटकने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल बच्चे की इलाज के लिए रांची ले जाने के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

मृत बच्चे की पहचान अंश कुमार के रूप में हुई है। उसकी मां निराली कुमारी ने अपने पति आकाश कुमार के खिलाफ थाने में आवेदन देकर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है।

विवाद के बाद बच्चे को घर से बाहर ले गया पिता

मां के आवेदन के मुताबिक, घर में सास के साथ विवाद चल रहा था। इसी दौरान आकाश कुमार वहां पहुंचा और कमरे में सो रहे छह महीने के बच्चे को उठाकर घर के पीछे कुएं के पास ले गया।

आरोप है कि वहां उसने बच्चे को पक्के ढलाई वाले फर्श पर पटक दिया। घटना के बाद बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

रांची ले जाने के दौरान हुई मौत

घायल बच्चे को उसकी मां आनन-फानन में शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग लेकर पहुंची। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया।

हालांकि, रांची पहुंचने से पहले ही रास्ते में बच्चे की मौत हो गई। घटना की खबर के बाद परिवार में मातम पसर गया।

आरोपी पिता गिरफ्तार

कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पिता आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे घरेलू विवाद समेत अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।