
हजारीबाग: हजारीबाग के मिशन अस्पताल के पास रविवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े कई लोगों को टक्कर मार दी। लोगों को टक्कर मारने के बाद कार बिजली के पोल और चापाकल से जा टकराई। इस हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। वहीं कार चला रहा चालक भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए सभी घायलों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार काफी तेज गति से चल रही थी। इसी दौरान चालक सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ा बाजार ओपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे की असली वजह का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती आशंका है कि चालक नशे की हालत में हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।

