रांची: विश्व बाल दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने मुलाकात की। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान बच्चों ने बाल अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक कुरीतियों और पर्यावरण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर मुख्यमंत्री से खुलकर बातचीत की। इस दौरान बाल पत्रकारों ने अपने स्कूल और आसपास के समुदाय में चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों के अनुभव भी साझा किए। बच्चों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे बाल विवाह, बाल श्रम और स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा से जोड़ने की दिशा में काम कर रहे हैं। इसके अलावा माहवारी स्वच्छता, बचपन में होने वाली गैर-संचारी बीमारियों से बचाव, पौष्टिक खानपान और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर भी जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

स्कूली शिक्षा में सुधार के लिए सरकार कर रही काम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बच्चों की बातें ध्यान से सुनीं और उनके सवालों का सहजता से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे की समीक्षा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। खेलों में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को जरूरी खेल सामग्री उपलब्ध कराने और पंचायत स्तर पर खेल मैदान विकसित करने की दिशा में सरकार ने निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।



