हिमाचल में प्रतिभा सिंह बनीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, आनंद शर्मा स्टीयरिंग पैनल के प्रमुख बने

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में मंगलवार को कई अहम बदलाव किए गए हैं। प्रतिभा वीरभद्र सिंह नई प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त हुई हैं, जबकि जी-23 में शामिल पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा को स्टीयरिंग (संचालन) पैनल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

पार्टी हाईकमान ने हिमाचल प्रदेश में नई कांग्रेस कमेटी का गठन किया है। हिमाचल के लिए प्रचार, घोषणापत्र, समन्वय और प्रदेश चुनाव समिति जैसी कई अन्य चुनाव समितियों की घोषणा की गई है।

कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने इसकी सूचना जारी की, जिसके अनुसार पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के लिए स्टीयरिंग पैनल का अध्यक्ष, पूर्व पीसीसी प्रमुख सुखविंदर सुक्खू को प्रचार समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

आनंद शर्मा पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के करीबी रहे हैं

वहीं मंडी से सांसद और पूर्व में छह बार के सीएम रहे वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह हिमाचल प्रदेश की नई प्रदेश अध्यक्ष बनाई गई हैं। मुकेश अग्निहोत्री सीएलपी नेता के रूप में बने रहेंगे, जबकि हर्षवर्धन चौहान डिप्टी सीएलपी नेता हैं।

इसके साथ ही पार्टी ने चार कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भी नियुक्त किए हैं, जिनमें हर्ष महाजन, राजिंदर राणा, विनय कुमार और पवन कौशल को जगह दी गई है।

उल्लेखनीय है कि चिंतन शिविर के लिए बनाई गई कमेटियों के बाद लगातार दूसरी बार जी-23 नेताओं में शामिल रहे आनंद शर्मा का नाम आने के बाद कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। आनंद शर्मा पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के करीबी रहे हैं।

इस साल हिमाचल में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में आनंद शर्मा की हाईकमान से नजदीकियों से जोड़कर समीकरण में बदलाव देखा जा सकता है।

Share This Article