ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के खिलाफ भारत ‘ए’ की अनौपचारिक वनडे श्रृंखला में होगी तेज गेंदबाजों की परीक्षा

पुडुचेरी में भारत 'ए' और ऑस्ट्रेलिया 'ए' के ​​बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू हो रही है। हार्दिक पांड्या चोट के कारण बाहर हैं, इसलिए युवा तेज गेंदबाजों पर नजर रहेगी।

Razi Ahmad
5 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पुडुचेरी: युवा तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह, अरशद खान और यश ठाकुर के लिए ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के खिलाफ मंगलवार से शुरू हो रही तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला खुद को साबित करने का बड़ा मौका देगी क्योंकि ये गेंदबाज राष्ट्रीय टीम में तेज गेंदबाजी विभाग में मौजूदा संसाधनों की कमी के बीच अपनी दावेदारी पेश करना चाहेंगे।

दिग्गज हरफनमौला हार्दिक पंड्या की वापसी को लेकर इस श्रृंखला की काफी उत्सुकता थी लेकिन दाहिनी पिंडली की चोट के कारण वह अनिश्चितकाल के लिए बाहर हो गए हैं।

तेज गेंदबाजी करने वाले हरफनामौला खिलाड़ियों की बात करें तो भारतीय क्रिकेट में फिलहाल विकल्प सीमित हैं। पंड्या के अलावा नीतिश कुमार रेड्डी और सूर्यांश शेडगे प्रमुख विकल्पों में शामिल हैं। ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में अपना रिहैब (चोट से उबरना) पूरा करने वाले शेडगे को पांड्या की जगह भारत ‘ए’ टीम में शामिल किया गया है।

नमन धीर के वेस्टइंडीज श्रृंखला के लिए भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम से जुड़ने के बाद लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे अनुकूल रॉय को ‘ए’ टीम में शामिल किया गया है।

ऋतुराज गायकवाड़ की अगुआई वाली भारत ‘ए’ टीम में बल्लेबाजी का अनुभव भरपूर है। कप्तान गायकवाड़ के अलावा देवदत्त पडिक्कल, बी. साई सुदर्शन और रजत पाटीदार सीनियर भारतीय टीम के लिए खेल चुके हैं।

प्रज्ञान ओझा की अगुवाई वाली राष्ट्रीय चयनकर्ताओं के लिए बड़ी चिंता ‘ए’ टीमों के रास्ते वनडे क्रिकेट के लिए अच्छे गेंदबाज तैयार करने की है। भारत ‘ए’ टीम की एक खास बात यह है कि गुरजपनीत और अरशद दोनों बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं, जबकि यश ठाकुर दाएं हाथ से गेंदबाजी करते हैं।

श्रीलंका में भारत ‘ए’ की त्रिकोणीय श्रृंखला के दौरान अरशद ने डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी की थी। वह निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं, जिससे उनकी उपयोगिता और बढ़ जाती है।

तीनों गेंदबाजों का लिस्ट-ए क्रिकेट में रिकॉर्ड अच्छा है। गुरजपनीत ने नौ मैचों में 17 जबकि अरशद ने 11 मैचों में 15 विकेट लिए हैं। अनुभव के मामले में हालांकि यश ठाकुर 57 मैचों में 90 विकेट के साथ काफी आगे हैं।

खास बात यह है कि तीनों का ‘इकॉनमी रेट’ छह रन प्रति ओवर से कम है, जो वनडे क्रिकेट में गेंदबाजों पर मौजूद क्षेत्ररक्षण संबंधी प्रतिबंधों को देखते हुए प्रभावशाली आंकड़ा है।

यह देखना दिलचस्प होगा कि राष्ट्रीय टीम लिए खेल चुके सैम कोंस्टास और नाथन मैकस्वीनी जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी वाले ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ की मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप के सामने ये गेंदबाज कैसा प्रदर्शन करते हैं।

भारत के नए तेज गेंदबाजी विकल्पों में शामिल आकिब नबी और अंशुल कंबोज अपने-अपने वनडे पदार्पण में प्रभावित नहीं कर सके हैं। गुरनूर बराड़ अभी खुद को स्थापित करने की प्रक्रिया में हैं, प्रसिद्ध कृष्णा के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी रही है, मोहम्मद सिराज फॉर्म से जूझ रहे हैं और हर्षित राणा लगातार चोटों से परेशान रहे हैं।

ऐसे में गुरजपनीत, अरशद और यश की तेज गेंदबाजी तिकड़ी इस श्रृंखला में दमदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय चयन समिति का ध्यान आकर्षित करना चाहेगी। न्यूजीलैंड दौरे के वनडे चरण से पहले यह उनके लिए अपनी दावेदारी मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर हो सकता है।

जसप्रीत बुमराह को छोड़ दें तो न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण में किसी अन्य खिलाड़ी की जगह अभी पक्की नहीं मानी जा सकती।

टीमें:

भारत ‘ए’:

ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, बी. साई सुदर्शन, प्रियांश आर्य, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, रजत पाटीदार, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), अर्शिन कुलकर्णी, निशांत सिंधु, विपराज निगम, यश ठाकुर, गुरजपनीत सिंह, अरशद खान और अनुकूल रॉय।

ऑस्ट्रेलिया ‘ए’:

आरोन हार्डी, सैम कोंस्टास, नाथन मैकस्वीनी, लाचलान शॉ, रिले मेरेडिथ, बेन ड्वारशुइश, निखिल चौधरी, महली बेयरडमैन, मिच ओवेन, जैक एडवर्ड्स, तनवीर संघा, स्पेंसर जॉनसन, टॉड मर्फी और विल सदरलैंड।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।