
नई दिल्ली : देश की सुरक्षा और रक्षा ढांचे को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने शनिवार सुबह दो बेहद अहम और शीर्ष सैन्य नियुक्तियों का एलान किया है। थल सेना के पूर्व उप-प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि (सेवानिवृत्त) को देश का अगला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) नियुक्त किया गया है। वहीं, पश्चिमी नौसेना कमान के वर्तमान कमांडर वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को भारतीय नौसेना का अगला प्रमुख (चीफ ऑफ नेवल स्टाफ) बनाया गया है। रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, दोनों शीर्ष सैन्य अधिकारी आगामी 31 मई को अपना नया कार्यभार संभालेंगे। नियमों के मुताबिक, सीडीएस अधिकतम 65 वर्ष की आयु तक सेवा दे सकते हैं। सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि “अगले आदेश तक” इस पद पर बने रहेंगे। नए सीडीएस के तौर पर जिम्मेदारी संभालने के साथ ही वे सैन्य मामलों के विभाग (DMA) के सचिव के रूप में भी काम करेंगे।

