विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन के राजदूत को तलब कर हमले में भारतीय नाविक की मौत पर जताया विरोध

काला सागर में वाणिज्यिक जहाज पर हमले में भारतीय नाविक की मौत के बाद भारत ने यूक्रेन के राजदूत को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: भारत ने सोमवार को यूक्रेन के राजदूत ओलेक्सांद्र पोलिशचुक को तलब कर पिछले हफ्ते काला सागर में एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले में भारतीय नाविक की मौत पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसने राजदूत को इस घटना पर नयी दिल्ली की गंभीर चिंता से अवगत कराया और वाणिज्यिक जहाज पर हुए ऐसे हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की। खबरों के मुताबिक, रूस और यूक्रेन के बीच फिर से शुरू हुई लड़ाई के दौरान एमवी ओमोर्फी जहाज यूक्रेन के ड्रोन हमलों की चपेट में आ गया। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘आज, भारत में यूक्रेन के राजदूत ओलेक्सांद्र पोलिशचुक को विदेश मंत्रालय तलब किया गया। यह कदम वाणिज्यिक जहाज एमवी ओमोर्फी पर हुए हमले के सिलसिले में उठाया गया, जिसमें एक भारतीय नागरिक की दुखद मौत हो गई थी।’’

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘उसने इस घटना पर गंभीर चिंता जताई है और वाणिज्यिक पोत पर हुए ऐसे हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की है। साथ ही, समुद्री नौवहन की सुरक्षा, नौवहन की आजादी और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर इनके बुरे असर को भी रेखांकित किया है। ’’ बयान के मुताबिक राजदूत से ‘‘यूक्रेन के अधिकारियों तक वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने को लेकर भारत की गंभीर चिंताएं पहुंचाने का अनुरोध किया गया और इस बात को दोहराया गया कि ऐसे कृत्य, जिनसे निर्दोष आम नागरिकों और नाविकों की जान को खतरा होता है, स्वीकार्य नहीं हैं और इनसे बचना चाहिए।’’

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।