
तोक्यो: जापान के दक्षिणी मुख्य द्वीप क्यूशू के कुमामोतो क्षेत्र में मंगलवार को 7.1 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) ने यह जानकारी दी। एजेंसी ने बताया कि सुनामी की चेतावनी कुमामोतो के पश्चिमी तट पर स्थित निकटवर्ती अरियाके खाड़ी के लिए जारी की गई है। यह क्षेत्र टोक्यो से लगभग 900 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची ने ‘एक्स’ पर जारी एक संदेश में उन क्षेत्रों के लोगों से समुद्र तटों से दूर रहने की अपील की, जहां एक मीटर तक ऊंची सुनामी आने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने स्थिति की जानकारी जुटाने, संभावित नुकसान का आकलन करने और आवश्यकता पड़ने पर बचाव अभियान की तैयारी के लिए एक विशेष कार्यबल का गठन किया है। उन्होंने कहा, “लोगों की जान बचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” ताकाइची ने तेज झटके महसूस करने वाले इलाकों के लोगों से संभावित शक्तिशाली ‘आफ्टरशॉक’ (भूकंप के बाद आने वाले झटकों) को देखते हुए अत्यधिक सतर्क रहने की अपील की।
जापान की अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन एजेंसी ने बताया कि क्षेत्र के प्रमुख सार्वजनिक प्रतिष्ठानों और बुनियादी ढांचे को किसी नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं मिली है। हालांकि, अधिकारी भूकंप से हुए नुकसान के वास्तविक दायरे का आकलन करने में जुटे हैं। जापान के परमाणु विनियमन प्राधिकरण ने बताया कि भूकंप के बाद आसपास स्थित तीन परमाणु ऊर्जा संयंत्रों में कोई असामान्यता नहीं पाई गई। सुरक्षा जांच के मद्देनजर क्यूशू क्षेत्र में शिंकानसेन बुलेट ट्रेनों और स्थानीय रेल सेवाओं का संचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। जापान के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि स्थिति का आकलन करने के लिए प्रभावित क्षेत्र में विमान भेजे गए हैं। वर्ष 2016 में कुमामोतो में आए भीषण भूकंप में 50 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी, लगभग 1,800 लोग घायल हुए थे और हजारों घर क्षतिग्रस्त या पूरी तरह नष्ट हो गए थे।

