रांची: जेएससीए स्टेडियम में नौ अक्तूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैच खेला जाएगा. इस बार करीब 39,500 दर्शक क्षमता वाले स्टेडियम में लगभग 3,800 कॉम्प्लिमेंट्री पास ही बांटने की तैयारी है. यह कुल दर्शक क्षमता का करीब 9.6 प्रतिशत है. पिछले वर्ष 30 नवंबर को भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच हुए अंतर्राष्ट्रीय मैच के दौरान करीब 10 हजार पास बांटे गए थे.

कॉम्प्लिमेंट्री पास की संख्या सीमित होने का सीधा असर VIP, VVIP, विभिन्न संस्थाओं, संघ के सदस्यों और अन्य श्रेणियों में मिलने वाले पास पर पड़ेगा. इस बार कई लोगों को पास नहीं मिल पाएगा. बीसीसीआई के नियम के मुताबिक अंतर्राष्ट्रीय मैच में कॉम्प्लिमेंट्री या फ्री पास की संख्या कुल सिटिंग कैपेसिटी के 10 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकती. जेएससीए स्टेडियम की ओर से 3,800 पास बांटने का प्रस्ताव इसी निर्धारित सीमा के भीतर है.


