
रांची : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने गुरुवार को वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया। इस बार छात्रों का प्रदर्शन काफी शानदार रहा। बोर्ड ने परिणाम DigiLocker पोर्टल पर जारी किया है, जहां छात्र आसानी से अपना रिजल्ट देख सकते हैं। जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस साल कुल 4,22,109 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें से 4,02,178 सफल घोषित किए गए हैं। इस तरह राज्य का कुल पास प्रतिशत 95.27% रहा, जो कि काफी बेहतर माना जा रहा है।
जिलों की रैंकिंग में गुमला टॉप पर
जिला स्तर पर देखें तो गुमला ने बाजी मारी है। यहां का पास प्रतिशत 99.32% रहा और यह राज्य में पहले नंबर पर रहा। दूसरे स्थान पर दुमका (99.02%) और तीसरे स्थान पर पाकुड़ (98.56%) रहा। पूर्वी सिंहभूम में भी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जहां 98.02% छात्र पास हुए। वहीं, चतरा जिला इस बार पीछे रह गया। यहां का पास प्रतिशत 91.20% दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा।
टॉपर्स ने मचाया धमाल
मेरिट लिस्ट की बात करें तो इस बार टॉप 3 में जगह बनाने वाले कई छात्रों ने 99% से ज्यादा अंक हासिल किए हैं। पहले स्थान पर 99.60% अंक के साथ कई छात्र-छात्राएं संयुक्त रूप से रहे। दूसरे स्थान पर 99.20% अंक हासिल करने वाले छात्र शामिल हैं। तीसरे स्थान पर 98.80% अंक पाने वाले विद्यार्थियों ने जगह बनाई। टॉपर्स की लिस्ट में हजारीबाग, सिमडेगा, रांची और गुमला के छात्रों का दबदबा साफ दिखा।
DigiLocker पर ऐसे देखें रिजल्ट
छात्र अपना रिजल्ट DigiLocker के आधिकारिक पोर्टल (results.digilocker.gov.in) पर जाकर चेक कर सकते हैं।
शिक्षा विभाग ने दी शुभकामनाएं
रिजल्ट जारी होने के बाद शिक्षा विभाग और बोर्ड के अधिकारियों ने सफल छात्रों को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही, जिन छात्रों को उम्मीद के मुताबिक परिणाम नहीं मिला, उन्हें निराश न होने और आगे बेहतर करने की सलाह दी गई है।

