

संत अन्ना गर्ल्स हाई स्कूल के गोल्डन जुबली समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं कृषि मंत्री




रांची : कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की गुरुवार को रांची में संत अन्ना गर्ल्स हाई स्कूल के गोल्डन जुबली समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। इस मौके पर कृषि मंत्री ने कहा कि यह संस्थान पिछले कई दशकों से न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दे रहा है, बल्कि मूल्यों, अनुशासन और समग्र विकास की मजबूत नींव भी तैयार कर रहा है—विशेषकर बेटियों की शिक्षा के क्षेत्र में इसका योगदान सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि आज के बदलते दौर में शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं रह सकती। हमें ऐसी शिक्षा व्यवस्था की आवश्यकता है, जो बच्चों में प्रश्न करने का साहस, आलोचनात्मक सोच और समाज के प्रति संवेदनशीलता विकसित करे। तार्किकता के साथ सीखना और सहानुभूति के साथ समाज सेवा करना इस सोच को हम सभी को जीवन में उतारना चाहिए।

