सुबह की सैर पर निकली महिला से चेन लूट, पुलिस कार्रवाई के बावजूद नहीं थम रही झपटमारी

जमशेदपुर के सिदगोड़ा सूर्य मंदिर क्षेत्र में सुबह टहल रही महिला से स्कूटी सवार बदमाश ने चेन लूटी, बढ़ती झपटमारी की घटनाओं से महिलाओं में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur Chain Snatching : जमशेदपुर शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। हाल ही में सिदगोड़ा सूर्य मंदिर क्षेत्र में पुलिस द्वारा एक स्नैचर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए जाने के बावजूद अपराधियों के हौसले कम होते नहीं दिख रहे हैं। रविवार सुबह इसी इलाके में एक महिला चेन स्नैचिंग का शिकार हो गई।

जानकारी के अनुसार, रीना मिश्रा सुबह टहलने के लिए निकली थीं। सूर्य मंदिर के पास एक स्कूटी सवार बदमाश उनके पीछे से आया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने पहले उन्हें थप्पड़ मारा और फिर गले से सोने की चेन छीनकर मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात कुछ ही सेकंड में हुई, जिससे महिला संभल भी नहीं पाईं।

घटना के बाद रीना मिश्रा ने सिदगोड़ा थाना पहुंचकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

दो महीनों में 25 से ज्यादा महिलाएं बनीं शिकार

शहर में लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने खासकर महिलाओं के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पिछले दो महीनों में 25 से अधिक महिलाएं झपटमारी की शिकार हो चुकी हैं।

हाल ही में टेल्को क्षेत्र में स्नैचिंग की घटना के बाद भाग रहे अपराधियों का पुलिस से सामना हुआ था। इसके बाद सिदगोड़ा सूर्य मंदिर इलाके में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें एक घायल भी हुआ था। इसके बावजूद अपराधियों की सक्रियता बरकरार रहने से कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं और पुलिस के सामने चुनौती बनी हुई है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।