झारखंड : घर से लेकर बाहर तक कहीं सुरक्षित नहीं हैं बेटियां, भले मना लें नेशनल गर्ल चाइल्ड डे!

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर: एक ओर देशभर में 24 जनवरी को नेशनल गर्ल चाइल्ड डे मनाया जा रहा है। बेटी का बाप होने पर लोग प्राउड फील कर रहे हैं।

गल्र्स की सुरक्षा के दावे किए जा रहे हैं। लेकिन, सच्चाई यही है कि आज भी बेटियां न घर में सुरक्षित हैं और न घर के बाहर।

जी हां, जमशेदपुर जिले में हाल के दिनों में कुछ ऐसी घटनाएं हुई, जो इसे सही साबित करती हैं। साथ ही नेशनल गर्ल चाइल्ड डे को धत्ता बताते हुए बेटियों की सुरक्षा पर सवाल उठाती हैं। आइए, बेटियों के हालात पर डालते हैं एक नजर।

शादी की नीयत से नाबालिग को किया अगवा, 5 दिनों बाद बरामद

जिले की सीतारामडेरा पुलिस ने कल्याणनगर से शादी की नीयत से अगवा नाबालिग लड़की को पांच दिनों बाद बरामद कर लिया है।

वहीं, आरोपी विजय लोहरा उर्फ मटका को भी पुलिस ने गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

विजय के खिलाफ थाना में मामला दर्ज किया गया था। घटना बीते 19 जनवरी शाम की है। बताया गया कि लड़की घर से निकली और उसके बाद से वापस नहीं लौटी।

बाजार से घर लौट रही युवती सेे छेड़खानी

इसके सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में बाजार करके घर लौट रही एक युवती के साथ मनचले युवक ने छेड़खानी कर दी। यह घटना 18 जनवरी को बागुननगर टीओपी के पास हुई।

युवती के शोर मचाये जाने के बाद युवक भाग गया। मामला थाना पहुंचने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट, गर्भपात कराने का आरोप

इधर, सिदगोड़ा थाना क्षे़त्र से ही दहेज की खातिर महिला से मारपीट करने का मामला शर्मसार करने वाला सामने आया है।

मामले में छोटा गोविंदपुर सुभाषनगर की रहने वाली विक्टिम महिला प्रीति सिंह ने अपने पति समेत ससुराल के छह लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराया है।

आरोपियो में बारीडीह बस्ती शक्तिनगर के निवासी पति आलोक कुमार सिंह, कमला निवास भारत गैस गोदाम के पास रहने वाली शोभा देवी, बारीडीह संताल बस्ती निवासी तुलसी सिंह, विकास सिंह, प्रकाश कुमार और कमला निवास के रहने वाले विशेष कुमार शामिल हैं।

पीड़िता ने उनपर मारपीट कर प्रताड़ित करने के अलावा गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि ससुरालवालों की प्रताड़ना से त्रस्त होकर वह मायके आ गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share This Article