जमशेदपुर: ईएमआई मांगने पर विवाद, 6-7 नकाबपोश युवकों ने मोबाइल दुकान में की तोड़फोड़; दुकानदार से मारपीट

जमशेदपुर के मानगो में ईएमआई मांगने पर विवाद हो गया। आरोप है कि छह से सात नकाबपोश युवकों ने मोबाइल दुकान में तोड़फोड़ कर दुकानदार से मारपीट की।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला में सोमवार सुबह मोबाइल की किस्त को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि 6 से 7 नकाबपोश युवक फ्रेंड्स मोबाइल स्टोर में घुस गए और जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान दुकान के मालिक नसीम हुसैन के साथ मारपीट की गई। दुकानदार ने आरोप लगाया है कि हमलावर उनके गले से करीब 60 हजार रुपये भी छीनकर ले गए।
दुकान मालिक नसीम हुसैन के अनुसार, एक युवक ने बजाज फाइनेंस के जरिए किस्तों पर मोबाइल फोन खरीदा था। आरोप है कि युवक ने पहले महीने से ही ईएमआई जमा करना बंद कर दिया। इसके बाद दुकानदार पिछले करीब 15 दिनों से उसे लगातार फोन कर बकाया किस्त जमा करने के लिए कह रहे थे।

सोमवार सुबह दुकानदार ने संबंधित युवक को दुकान के बाहर से गुजरते देखा। उन्होंने उसे रोककर ईएमआई जमा करने को कहा। इस पर युवक ने कुछ देर बाद पैसे देने की बात कही। आरोप है कि थोड़ी देर बाद वह 6 से 7 युवकों के साथ दुकान पहुंचा। सभी ने अपने चेहरे ढक रखे थे।
दुकानदार के मुताबिक, जब उन्होंने युवकों को रोकने और दुकान से बाहर जाने को कहा, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दुकान में भी तोड़फोड़ की गई। नसीम हुसैन ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान उनके गले से करीब 60 हजार रुपये चोरी कर लिए गए।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की मदद से एक युवक को पकड़ लिया गया, जबकि अन्य आरोपी वहां से फरार हो गए। पकड़े गए युवक को मानगो थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।

फिलहाल, यह पूरा मामला मोबाइल की ईएमआई को लेकर हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और अन्य आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होना बाकी है।

Share This Article