जामताड़ा महिला थाना से संरक्षण में रखी गई महिला लापता, पुलिस की तलाश जारी

जामताड़ा महिला थाना में संरक्षण के लिए रखी गई महिला अचानक लापता हो गई। पुलिस ने रेलवे स्टेशनों को अलर्ट कर व्यापक खोज अभियान शुरू कर दिया है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamtara News: जामताड़ा महिला थाना परिसर में संरक्षण के लिए रखी गई एक महिला के अचानक लापता हो जाने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद पुलिस ने महिला की तलाश के लिए शहर, रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में सघन अभियान शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, रायगढ़ निवासी उषा यादव कुछ दिनों पूर्व भटकते हुए करमाटांड़ क्षेत्र पहुंच गई थीं। स्थानीय लोगों की सूचना पर महिला पुलिस ने उन्हें सुरक्षित संरक्षण में लिया और जामताड़ा महिला थाना लाया गया। पूछताछ के दौरान महिला से उसके परिजनों की जानकारी प्राप्त कर उन्हें सूचना भी दे दी गई थी। पुलिस परिजनों के आने का इंतजार कर रही थी।

शुक्रवार सुबह महिला पुलिसकर्मियों के थाना पहुंचने पर उषा यादव अपने स्थान पर मौजूद नहीं मिलीं। इसके बाद तत्काल मामले की जानकारी महिला थाना प्रभारी सीमा कुमारी को दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस ने खोजबीन तेज कर दी।

महिला की तलाश के लिए जामताड़ा रेलवे स्टेशन सहित आसपास के रेलवे स्टेशनों को अलर्ट किया गया है। पुलिस टीम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार खोज अभियान चला रही है। वहीं महिला थाना प्रभारी सीमा कुमारी पुलिस बल के साथ आसनसोल की दिशा में भी रवाना हुईं। बताया जा रहा है कि महिला ने पूर्व में पुलिसकर्मियों से आसनसोल जाने के संबंध में जानकारी ली थी, जिसके आधार पर उस क्षेत्र में भी तलाश की जा रही है।

समाचार लिखे जाने तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका था। पुलिस का कहना है कि महिला का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास जारी है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।