पटना/जमुई: बिहार के जमुई जिले में एक लड़के और लड़की से कथित तौर पर बदसलूकी करने के मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में दोनों आरोपी घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि इसके साथ ही 19 सितंबर को हुई इस घटना के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
मुंगेर क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) राकेश कुमार ने बताया कि आरोपियों में से एक नंदन यादव के पैर में गोली लगी है।
उन्होंने बताया कि नंदन का सहयोगी हरेराम यादव पुलिस से बचकर भागने की कोशिश में घुटने में चोट लगने से घायल हो गया।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस सोमवार से आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही थी।
डीआईजी ने जमुई से फोन पर बताया, ‘‘नंदन और हरेराम दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले हमने तीन नाबालिगों को पकड़ा था।’’
उन्होंने बताया, ‘‘हरेराम और नंदन के स्वस्थ होने के बाद पूछताछ के आधार पर कुछ और लोगों को पकड़ा जा सकता है। वीडियो क्लिप से यह स्पष्ट नहीं था कि घटना में कितने लोग शामिल थे। हालांकि, यह कहा जा सकता है कि मुख्य आरोपियों को पकड़ लिया गया है। दरअसल, समूह का नेतृत्व करने वाला हरेराम ही था, जो वीडियो में चेहरे पर गमछा बांधे दिखाई दे रहा था।’’
एक ही कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाले लड़की और लड़के को एक समूह ने सड़क पर पकड़ लिया तथा उनसे कथित तौर पर बदसलूकी की।
पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई लेकिन सोमवार को घटना से जुड़े वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद यह मामला सामने आया।
अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) के. सुहिता अनुपम ने बताया, “यह घटना जितनी चिंताजनक थी, उतना ही चिंताजनक सोशल मीडिया पर उस वीडियो को साझा करना था, जिससे पीड़िता की पहचान उजागर हो गई।”
उन्होंने बताया, “हम इस मामले में शीघ्र आरोपपत्र दाखिल करने और फास्ट-ट्रैक अदालत में मुकदमा चलाना सुनिश्चित करेंगे। वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ भी आईटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।”


