
रांची: झारखंड में बीएड, एमएड और बीपीएड कोर्स में एडमिशन का इंतजार कर रहे छात्रों को एक बार फिर झटका लगा है। 10 मई को आयोजित होने वाली झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा परिषद (JCECEB) ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 को दूसरी बार टाल दिया है। बताते चलें कि इससे पहले 26 अप्रैल की तारीख भी आखिरी समय पर रद्द कर दी गई थी। इस परीक्षा के जरिए राज्य के 136 बीएड कॉलेजों में 13 हजार से ज्यादा सीटों पर दाखिला होना है, ऐसे में बार-बार तारीख बदलने से अभ्यर्थियों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
परीक्षा नियंत्रक मेघा भारद्वाज की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि कुछ अपरिहार्य कारणों की वजह से परीक्षा स्थगित की गई है। नई तारीख जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। हालांकि, आखिर वजह क्या है, इस पर अभी भी स्थिति साफ नहीं की गई है। लगातार दूसरी बार परीक्षा टलने से छात्रों में नाराजगी साफ देखी जा रही है। खासकर वे अभ्यर्थी जो दूर-दराज से परीक्षा देने आने वाले थे, उनकी यात्रा और रहने की बुकिंग प्रभावित हो गई है। कई छात्रों का पूरा शेड्यूल गड़बड़ा गया है।
आठ जिलों में होने वाली थी परीक्षा
यह प्रवेश परीक्षा राज्य के आठ जिलों में आयोजित की जानी थी। इनमें रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग और चाईबासा शामिल हैं। इन सभी जगहों पर परीक्षा केंद्र तय कर लिए गए थे और तैयारियां भी लगभग पूरी हो चुकी थीं।

