
रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में आज झारखंड मंत्रालय में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के तहत झारखंड विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार परिषद की सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने झारखंड में विज्ञान, तकनीक, शोध और नवाचार को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया।
इस बैठक में राज्य में वैज्ञानिक गतिविधियों को सशक्त बनाने और तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार पर विस्तार से चर्चा की गयी। उन्होंने कहा कि राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों में ऐसा अनुकूल वातावरण विकसित किया जाना चाहिए, जहां विद्यार्थी नए विचारों पर शोध कर सकें और राज्य के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
बैठक में प्रमुख रूप से कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान शिक्षण संस्थानों को नवाचार आधारित और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने पर जोर दिया गया। विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्रों में शोध कार्यों को बढ़ावा देने तथा शोधकर्ताओं को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की योजना पर चर्चा हुई। इसके साथ ही स्थानीय समस्याओं के तकनीकी समाधान हेतु एक मजबूत नवाचार इकोसिस्टम तैयार करने की रूपरेखा पर विचार किया गया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में राज्य की संभावनाओं का अधिकतम उपयोग किया जाए तथा परिषद की गतिविधियों को और प्रभावी बनाकर उसका लाभ सीधे विद्यार्थियों और औद्योगिक विकास तक पहुँचाया जाए।

