
रांची : चुटिया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रांची की रहने वाली 25 वर्षीय युवती की शिकायत पर झारखंड पुलिस के डीएसपी अमित कुमार सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। युवती ने आरोप लगाया है कि डीएसपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर दिया। साथ ही आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने का भी आरोप लगाया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चुटिया थाना में कांड संख्या 70/26 के तहत FIR दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। पीड़िता का बयान भी दर्ज कर लिया गया है।
सोशल मीडिया से शुरू हुई पहचान
पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया है कि वर्ष 2024 में उसकी पहचान लोहरदगा में पदस्थापित पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार सिंह से सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और डीएसपी ने युवती के सामने प्रेम प्रस्ताव रखा।
फोन पर लगातार बातचीत के बाद दोनों की मुलाकात रांची के एक रेस्टोरेंट में हुई। युवती का आरोप है कि रिलेशनशिप के दौरान डीएसपी लगातार उससे शादी करने का भरोसा दिलाते रहे।
गेस्ट हाउस ले जाकर बनाए संबंध
आवेदन के अनुसार, दिसंबर 2024 में डीएसपी अमित कुमार सिंह युवती को एक गेस्ट हाउस ले गए, जहां शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि इसके बाद भी शादी का भरोसा देकर कई बार संबंध बनाए गए।
बाद में शादी से किया इनकार
पीड़िता के मुताबिक, कुछ समय बाद डीएसपी ने अचानक उससे बातचीत बंद कर दी। जब युवती ने कारण पूछा तो उन्होंने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
युवती ने यह भी आरोप लगाया कि न्याय की मांग को लेकर वह पुलिस मुख्यालय तक पहुंची थी, लेकिन डीएसपी के परिवार वालों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का दबाव बनाया। साथ ही लगातार प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
चुटिया थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई प्रक्रिया में है।

